डाडासीबा :शिव मंदिर में गणपति महोत्सव की धूम, पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर ने लिया आशीर्वाद

डाडासीबा तहसील के प्राचीन शिव मंदिर में इन दिनों 11 दिवसीय गणपति महोत्सव की धूम मची हुई है। गणपति वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह महोत्सव श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति बप्पा के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं।
शनिवार को महोत्सव के चौथे दिन मंदिर परिसर पूरी तरह से गणपति बप्पा की जय-जयकार से गूँज उठा। सुबह भक्तों ने गणपति को स्नान कराकर उनका मनमोहक श्रृंगार किया। इसके बाद बप्पा को मखाने की खीर और लड्डुओं का विशेष भोग लगाया गया। स्थानीय भक्तों ने विधि-विधान से गणपति बप्पा की आरती की, जिसमें हर कोई भक्ति में डूबा नज़र आया।
इस पावन अवसर पर जसवां-परागपुर के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विक्रम ठाकुर ने भी विशेष रूप से गणपति दरबार में हाज़िरी लगाई। उन्होंने गणपति बप्पा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गणपति वेलफेयर एसोसिएशन की कमेटी ने विधायक विक्रम ठाकुर को माता की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया, जिसके लिए विधायक ने आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के प्रधान सुमित मेहरा ने बताया कि यह भव्य महोत्सव 6 सितंबर तक चलेगा। इसी दिन पूर्ण विधि-विधान से गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी। पूजा-पाठ के बाद पौंग झील में गणपति जी का विसर्जन किया जाएगा, जिसके लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। यह आयोजन क्षेत्र में एकता और सौहार्द का संदेश दे रहा है।