डाडासीबा : शिक्षा खण्ड में शिक्षासंवाद कार्यक्रम में नवाजे उत्कृष्ट शिक्षक एवं प्रबन्धन समितियां
विनायक ठाकुर। डाडासीबा
डाडा सीबा शिक्षा खण्ड में खण्डस्तरीय शिक्षासंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें पूरे खण्ड के सभी 172 राजकीय विद्यालयों से विद्यालय प्रबन्धन समितियों के चयनित सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर नई शिक्षा नीति, नशे की समस्या, हर घर पाठशाला की सफलता इत्यादि विषयों पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित खण्ड परियोजना अधिकारी डॉ.गणेश दत्त ने प्रबन्धन समिति के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल के साथ शिक्षा में उत्कृष्टता के साथ कार्य करने पर बल दिया, उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हमें छात्रों को जबरदस्ती पानी न पिलाकर उसकी ज्ञान की प्यास को शान्त करने का प्रयास करना करना चाहिए। इसी अवसर पर खण्ड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी मनोरमा देवी एवं पवन कुमार जगोता के द्वारा वर्तमान में नशे की समस्या की ओर सभी का ध्यान आकर्षित किया, तथा इससे निपटने के उपायों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के संयोजक जितेन्द्र ठाकुर ने शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा क्षेत्र में किए जाने वाले सभी कार्यों पर प्रकाश डाला। शिक्षा विशेषज्ञ परमजीत सिंह ने क्वालिटी शिक्षा पर चर्चा करते हुए नई शिक्षा नीति में वर्णित महत्वपूर्ण विषयों को सभा के समक्ष रखा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खण्ड स्तर पर एवं राज्य में हर घर पाठशाला में उत्कृष्ट करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया जिनमें माध्यमिक विद्यालयों से कस्बा कोटला से डॉ.अमनदीप शर्मा, उच्चविद्यालयों त्यामल से सतपाल धीमान, वरिष्ठ माध्यमिक से ढलियारा से राकेश भाटिया, बढ्ल ठौर से सुरेश नरयाल, डाडा सीबा से सुभाष ठाकुर, चनौर से सुशील चौहान, कड़ोआ से मुनीष शर्मा, बेह ढोन्टा से कपिल देव, प्राथमिक विद्यालयों में से डाडा सीबा से पूनम कुमारी, सुकेड़ से कौर चन्द राणा, रणोह से गगनदीप शर्मा, जलेरा से हर्षदीप शर्मा, कस्बा कलेली से राकेश कुमार, नलसूहा से आशीष कुमार रहे। इसी बीच विद्यालय प्रबन्धन समितियों में से भी उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों को चुना गया, जिनमें रा.व.मा.विद्यालयों से स्यूल, रा.उ.विद्यालयों से समनोली, रा.मा.विद्यालयों से बस्सी, प्राथमिक विद्यालयों से बाथू टिप्परी शामिल रहे।
