डाडा सीबा: त्यामल रोड़ पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त, एक राहगीर घायल, चालक जख्मी
पुलिस थाना डाडा सीबा के अंतर्गत गांव चनौर के त्यामल रोड़ पर एक हादसा पेश आया है। जानकारी के अनुसार बाइक दुर्घटना में पैदल चल रहे एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। बाइक सवार ढलियारा से डाडा सीबा अपने घर आ रहा था। दुर्घटना में 58 वर्षीय तिलकराज निवासी चनौर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं बाइक चालक जसविंदर सिंह (34) निवासी डाडा सीबा बतबाड़ को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन के माध्यम से आदर्श स्वास्थ्य संस्थान सिविल अस्पताल डाडा सीबा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही डाडा सीबा पुलिस थाना प्रभारी मदन मोहन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
