धर्मशाला : डीसी ने किया कार्यशाला का शुभारंभ
धर्मशाला, 26 अप्रैल: उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि आपदाओं और कोविड-19 जैसी महामारियों का जितना प्रभाव समाज के शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है, उससे कहीं ज्यादा व्यापक प्रभाव लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन इस विषय पर सभी विभागों के पदाधिकारियों व आमजन को जागरूक बनाने के प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में मानसिक स्वास्थ्य व मनो-सामाजिक समर्थन पर एक तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन 26 से 28 अप्रैल तक किया जा रहा है। यह आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कांगड़ा द्वारा आपदा जोखिम प्रबंधन पर कार्यरत स्वैच्छिक संस्था डूअर्स संग मिलकर उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया जा रहा है। इस कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मनो-सामाजिक सहायता और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का ध्येय आपदा प्रभावित लोगों की सुरक्षा करना है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं और मनो-सामाजिक सहायता को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण अंग के रूप में अबाध रूप में चलने वाला समझा जाता है।
