कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में देहरा बढ़ रहा विकास की ओर: अभिषेक नरोत्रा

युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक नरोत्रा ने पूर्व विधायक होशियार सिंह के हाल ही में दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देहरा में विकास कार्य लगातार जारी हैं और विधायक कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्र तरक्की की राह पर है। कुछ दिनों पहले पूर्व विधायक होशियार सिंह ने प्रेस वार्ता में कहा था कि देहरा में विकास की गति रुक गई है और विधायक लोगों से नहीं मिलते। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक नरोत्रा ने कहा कि "होशियार सिंह, आप खुद अपनी पंचायत खेरिया में जाकर देखिए कि वहां क्या बदलाव आए हैं। उन्होंने होशियार सिंह से सवाल पूछते हुए कहा कि विधायक रहे आपने क्या किया, कौन से विकासकार्य करवाए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार और विधायक कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में देहरा लगातार तरक्की कर रहा है। आने वाले समय में भी कई बड़े विकास कार्य पूरे किए जाएंगे, जिससे देहरा को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। अभिषेक नरोत्रा ने कहा कि युवा कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ विधायक कमलेश ठाकुर के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हमारी विधायक हमारी शान हैं, और देहरा के हर नागरिक को गर्व है कि उन्हें कमलेश ठाकुर जैसी सक्षम नेता मिली हैं। युवा कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में देहरा में कई नई योजनाएं लागू होंगी, जिससे क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि विकास के इस सफर में सरकार और विधायक के प्रयासों का समर्थन करें।