देहरा: डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन समिति का चुनाव सम्पन्न, ई.एम.आर. दड़ोच बने प्रदेशाध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन अनुसूचित जाति कल्याण समिति ने वीरवार को नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। उप मंडल देहरा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक दलीप सिंह ने की, जिसमें सर्वसम्मति से पूर्व चीफ इंजीनियर ई.एम.आर. दड़ोच को तीन वर्षों के लिए प्रदेशाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से आए सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन को और मज़बूत बनाने का संकल्प लिया। नई टीम में गुरदास राम को मुख्य सलाहकार, प्रो. अमर सिंह को सलाहकार, शंकर सान्याल को वरिष्ठ महासचिव, भागी राम कृतनोरिया को महासचिव, पूर्ण चन्द को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तिलोक संधू को उपाध्यक्ष और नरेश कुमार को कोषाध्यक्ष एवं कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का संदेश “शिक्षित बनो, संघर्ष करो” आज भी समाज सुधार की सबसे बड़ी प्रेरणा है। समिति का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग को सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए आने वाले वर्षों में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक न्याय पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें परविंदर सिंह, देवराज, धर्मचन्द, लाजपतराय, रमेश कुमार, सतीश कुमार, जसवीर सिंह, प्रीतम चन्द, हरबांस लाल, किशोरी लाल, देशराज, वरिन्द्र कुमार, राजिन्द्र कुमार समेत अनेक गणमान्य शामिल थे। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही समिति ने प्रदेशभर में डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने और वंचित वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया।