धर्मपुर (मंडी): ध्वाली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान का हुआ समापन
किसान भवन ध्वाली में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान (15–16 मार्च) का रविवार को अंतिम सत्र के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम सत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव व संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के प्रभारी तिलक राज शर्मा ने प्रशिक्षु वर्ग को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा देशहित में किए जा रहे कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और मजदूर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, ताकि आम जनता को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान धर्मपुर भाजपा नेता व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के आयोजन को संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, नीतियों और कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है। शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रशिक्षु वर्ग उपस्थित रहा।
