धर्मशाला : 2 घंटे बढ़ा धर्मशाला - मैक्लोडगंज रोपवे का समय
धर्मशाला से मैक्लोडगंज के लिए जनवरी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा रोपवे का उद्घाटन किया गया था। रोपवे को संचालित करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक का रखा गया था। वहीं, टिकट काउंटर केवल शाम 5 बजे तक ही संचालित होता था। लेकिन, अब परिक्षण आधार पर रोपवे के समय को 2 घंटे तक बढ़ा दिया गया है। अब पर्यटक अतिरिक्त 2 घंटों तक रोपवे का आनंद उठा पाएंगे और धर्मशाला की वादियों को निहार पाएंगे। रोपवे के समय को अब शाम 6 बजे से बढ़ा कर 8 बजे तक कर दिया गया है। वहीं, राउंड टिकट काउंटर को शाम 7 बजे तक संचालित किया जाएगा और वन वे टिकट काउंटर को शाम 7:30 तक संचालित किया जाएगा। इस परिक्षण को केवल 15 दिनों (5 जून 2022 - 19 जून 2022) तक लागु किया गया है। लोगों की अनुकूल प्रतिक्रिया आने पर ही इस विस्तारित समय को आगे बढ़ाने के बारे में विचार किया जाएगा।
धर्मशाला रोपवे लिमिटेड की निदेशक नेहा पंडित ने कहा कि हमने रोपवे के समय में विस्तार किया है। परीक्षण के आधार पर 2 घंटे बढ़ाए गए है ताकि अधिक से अधिक लोग इस नए तरीके के परिवहन का अनुभव कर सकें। यहाँ आने वाले मेहमानों, स्टेकहोल्डर्स और अन्य लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर ही इन विस्तारित घंटों पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। अभी तक करीब 1 लाख से अधिक मेहमानों ने रोपवे सेवाओं का उपयोग किया है।
