धर्मशाला : नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ बयानबाजी करने से पूर्व अपना कद देखें विक्रमादित्य : परमार
( words)
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पलटू राम कहने पर सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक, कांगड़ा-चंबा भाजपा के प्रभारी व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कड़ी निंदा की है। शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को अपना कद देखकर नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ बयानबाजी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का राजनीति में एक बड़ा कद है। इसलिए विक्रमादित्य को उनके खिलाफ बोलने से पहले अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। विपिन परमार ने लोक निर्माण मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि न तो उनका अपनी भाषा पर नियंत्रण है और न ही अपने विभाग पर उनका कोई नियंत्रण है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हिमाचल प्रदेश के हालात जानने प्रदेश के दौरे पर आए थे तो उस समय पीडब्ल्यूडी विभाग के कई आला अधिकारी नदारद थे, जिससे पता चलता है कि पीडब्ल्यूडी मंत्री को उनका विभाग कितनी गंभीरता से लेता है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह पहले अपनी व अपने विभाग की कमियों को दूर करें फिर विपक्ष के खिलाफ बयानबाजी करें। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष का काम हमेशा जनता की समस्याओं को उठाना व सरकार की आंखे खोलना होता उन्होंने लोक निर्माण मंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि वह विपक्ष के खिलाफ कुछ भी बोलने से पहले अपने शब्दों व भाषा पर विचार करें।
