ज्वालामुखी : गेट नम्बर-2 की नालियों में फंसी गंदगी ने दुकानदारों का जीना किया दूभर
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
नगर परिषद ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ते वार्ड- 4 के तहत मंदिर मार्ग गेट नंबर-2 के समीप बनी नालियां के अंदर पड़ी गंदगी बड़ी बीमारियों को न्याैता दे रही है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है की ठेकेदार को इस बारे में कई दफा सूचित किया गया, परंतु यह कार्य अनदेखा किया गया। एक तरफ सरकार स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करती है, परंतु धरातल पर यह फैसले कितने माने जाते हैं। इसका सीधा उदाहरण मिल रहा है। वार्ड-4 के तहत गेट-2 के पास बनी यह नालियों में गंदगी आम तौर पर दिख जाएगी। दुकानदारों का कहना है कि नालियों को नियमित तौर पर साफ करने की आवश्यकता है।
बहुत सा कचरा नालियों के बीच में फसा हुआ है, जिसकी सफाई रब के भरोसे ही है। गंदगी होने की वजह बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई जा रही है। उक्त गंदगी पर मंडरा रही मखियो ने स्थानीय दुकानदार का जीना मुश्किल कर दिया है। आवाजाही करने वाले लोगो को गंदी दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कर निजात दिलाई जाए। इस संदर्भ में नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी हितेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि आपके माध्यम से इस बारे में जानकारी मिली है। जल्द ही इस नाली को साफ करवाकर लोगो को समस्या से निजात दिलवाई जाएगी।
