पालमपुर : जिला स्तरीय होगा गुग्गा नवमीं मेला-परमार
प्रतिमा राणा। पालमपुर
गुग्गा नवमीं मेला को ज़िला स्तरीय मेले का दर्जा दिया जाएगा। यह जानकारी विधान सभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने रविवार को ऐतिहासिक गुग्गा मंदिर में माथा टेकने के उपरांत लोगों को दी। उन्होंने इस अवसर पर यहां आयोजित शांति हवन में भी भाग लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गुग्गा मंदिर लोगों के कष्ट निवारण और मुरादें पूरी होने के चलते लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से जन्माष्टमी तक आयोजित होने वाले गुग्गा नवमीं मेले में लाखों लोग प्रदेश और पड़ोसी राज्यों से यहां आते हैं। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता और महत्व को देखते जिला स्तरीय मेले का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुग्गा मंदिर का सौन्दर्यकरण और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपए से गुग्गा मंदिर का विशाल और भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में देश के मानचित्र पर आए इसके लिए प्रयास किये जा रहे हैं।
परमार ने कहा कि वे लोकप्रियता नहीं, बल्कि जनसेवा के लिये राजनीति में हैं और समाज की सेवा ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग का ख्याल रखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि भौरा पूर्व मंत्री मान चन्द राणा का पैतृक गांव हैं और उनके कार्यों लोग आज भी याद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनको श्रद्धांजलि देने के लिए यहां भव्य स्मृति द्वार बनाया जा है और इसके लिए 9 लाख जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा प्रदेश के हर व्यक्ति को राहत देने के लिए 125 यूनिट तक बिजली की खपत को निःशुल्क किया गया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में हर घर मे नल से जल पहुंचाने पर करोड़ व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्धता को सुनिश्चित बनाया गया और ग्रामीण क्षेत्र के सभी नलों के बिलों को निःशुल्क करने फैसला लिया है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष अनिता चौधरी, गुग्गा सालोह पंचायत की प्रधान अनिता कुमारी, मंदिर के पुजारी वेद प्रकाश, सुभाष कुमार, मिलाप चंद, राकेश गुलेरिया, अमित पंचकरण, भौरा के प्रधान विनोद कुमार, मोहिंदर, दिनेश मेहरा, कुलदीप, रमेश डोगरा, बीडीओ सिकंदर कुमार, एसडीओ अश्वनी शर्मा व प्रवीण कुमार सहित गणमान्य लोग और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
