देहरा : भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षित बेरोजगार हताश और निराश-डॉ राजेश शर्मा
विनायक ठाकुर। देहरा
बीजेपी की जयराम सरकार अब तक की सबसे नाकाम सरकार साबित हुई है। जिसकी जनता को कोई आस नहीं है व भ्रष्टाचारियों को कोई खौफ नहीं है। यह बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि बीजेपी सरकार के इन साढ़े चार सालों में जहां एक ओर प्रदेश अनावश्यक तौर पर कर्जे के पहाड़ के नीचे दबा है। वहीं, जीरो विकास की स्थिति में प्रदेश वर्षों पीछे जा पहुंचा है। बीजेपी सरकार जनता की चिंता छोड़ सत्ता के एकमात्र एजेंडे को साधने में लगी हुई है। चारों तरफ महंगाई हर तरफ से आम नागरिक की जेब पर हर पल डाका डाल रही है। कर्मचारी हाल-बेहाल हैं। शिक्षित बेरोजगार हताश व निराश हैं।
डॉ राजेश ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बीजेपी को खदेड़ने का पूरा मन बना चुकी है। क्योंकि जनता समझ चुकी है कि बीजेपी सिर्फ झूठों और जुमलेबाजों की पार्टी है। प्रदेश में बीजेपी की अगर कोई उपलब्धि है तो वह प्रदेश को कर्जे में डुबोने की रही है या फिर कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुए कामों की रही है। उन्हाेंने कहा कि बीजेपी लोकहित की बात न करके अपने सत्ताहित को साधने के जुगाड़ में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसी सरकार साबित हुई है, जिसमें अपने चुनावी घोषणा पत्र का कोई भी वायदा पूरा नहीं किया है। किसानों की आय दोगुनी करने का झांसा सिर्फ झांसा साबित होकर रह गया है।
प्रदेश में 69 एनएच बनाने की बातें हवाई साबित हुई हैं। रेल, एरोप्लेन व शहीद स्मारक भी झूठ का पुलिंदा व कोरी घोषणा साबित हुई है। उन्होंने कहा कि 2012 में बीजेपी के नेताओं ने रेल को लेकर पहली बार झूठ बोला था और उस झूठ को अब लगातार ढोती आ रही है। न रेल आई, न शहीद स्मारक बना, न झीलों में सी-प्लेन दौड़े यह तमाम वायदे और बातें झूठ का कोरा पुलिंदा साबित हुई हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि अब बीजेपी विधानसभा चुनावों में किस मुंह से वोट मांगने आ रही है।
