पालमपुर : कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने में प्रयासरत-कुलपति
वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक एवं किसान गोष्ठी का आयोजन
प्रतिमा राणा। पालमपुर
चौसकु हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र मंडी स्थित सुंदरनगर द्वारा निहरी विकास खंड के चरखड़ी गांव में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो.एचके चौधरी ने की, तो विधायक सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र राकेश जम्वाल ने बतौर मुख्यातिथि अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। कुलपति प्रो. हरिंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर पूरे प्रदेश में किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकियों को पहुंचाने में निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम की बैठक पहले केंद्र के कार्यालय में आयोजित की जाती रहीं हैं और कृषि विज्ञान केंद्राें को अब यह बैठकें किसानों के खेतों में आयोजित करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इससे लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र की पौराणिक फसलें जैसे उड़द, राजमाश व कुल्थी अपने स्वाद व विशेष गुणों से भरपूर पाई गई हैं। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर इन फसलों के गुणों की पहचान कर उनकी जी आई टैंगिंग करवाकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करेगा, जिससे यहां के किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यातिथि विधायक राकेश जम्वाल ने दूरदराज क्षेत्र के गांव चरखड़ी में इस आयोजन के लिए कुलपति प्रोफेसर हरिंद्र कुमार चौधरी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन विधानसभा के अन्य क्षेत्रों में करने के लिए भी कहा, ताकि अधिक किसानों को आधुनिक तकनीकों के बारे में जागरूक किया जा सके। इससे पूर्व कृषि विज्ञान केन्द्र, सुंदरनगर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पंकज सूद ने वैज्ञानिक सलाहकार समिति की पिछली बैठक की रिपोर्ट सांझा की तथा केंद्र द्वारा आगामी वर्ष में किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के प्रसार निदेशक डा. वीकेशर्मा, अनुसंधान निदेशक डॉ. एसपी दीक्षित, कृषि महाविद्यालय के डीन डॉ. डीके वत्स, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के डीन डॉ. मनदीप शर्मा, विभिन्न विभागाध्यक्ष, केवीके बजौरा के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. केसी शर्मा ने भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में प्रदर्शनी भी लगाई गई तथा प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इफको के प्रदेश प्रमुख सुधीर मान, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल, युवक मंडल के सदस्यों समेत करीबन एक हजार स्थानीय किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
