धर्मशाला: 5 जून को अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल में शामिल होंगे कर्मचारी: सुषमा रोहिला
सरकार के लिए समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आये दिन कई कर्मचारी संगठन धरने पर बैठ रहे है तो कई संगठन गेट मीटिंगों के माध्यम से सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने की बात कह रहे है। इसी कड़ी में बुधवार को हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन समिति सोलन द्वारा धर्मशाला में कार्यरत समस्त दैनिक वेतन भोगी व अनुबन्ध कर्मचारियों ने धर्मशाल में सुषमा रोहिला की अध्यक्षता में अपनी मांगे उठाई। इसमें सरकार से वेतन विसंगतियों को दूर करना और नियमितीकरण की मांग मुख्य रूप से शामिल है। यह कर्मचारी वन विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं जैसे हिमाचल प्रदेश इको सिस्टम कलाईमेट प्रूफिंग प्रोजैक्ट धर्मशाला, एकीकृत विकास परियोजना धर्मशाला व जाईका धर्मशाला में 1990 से कार्यरत है। यह कर्मचारी हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक संसाधन प्रबन्धन समिति सोलन द्वारा कार्यरत है। सभी कर्मचारी बुधवार को अपनी मांगों को लेकर सामूहिक तौर पर इकट्ठा हुए और साथ ही सरकार के समक्ष अपनी मांगो को भी रखा गया। सुषमा रोहिला ने बताया कि प्रबंधन समिति द्वारा करीब 500 कर्मचारी कार्यरत है जो 2017 से अपनी मांगो को पूरा करने की मांग कर रहे है। इस बार पुरे प्रदेश के कर्मचारी 5 जून को सोलन में एकत्रित होंगे और सरकार के समक्ष जोरदार तरीकें से अपनी मांगों को रखेंगे। उन्होंने कहा कि यदि मांगों को नहीं माना जाता तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
