धर्मशाला : पेट्रोल-डीजल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी कम पर पीएम मोदी एवं केंद्र सरकार का जताया आभार
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने पेट्रोल और डीजल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी घटाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह लोक कल्याणकारी निर्णय है। इससे पेट्रोल के दाम में साढ़े 9 रुपए और डीजल के दाम में 7 रुपए की बड़ी कटौती हुई है। प्रदेश महामंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चलाई जा रही उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 12 सिलेंडर तक प्रति सिलेंडर 200 रुपए सबसिडी देने का जनहितकारी निर्णय भी केंद्र सरकार ने लिया है। इससे देश में नौ करोड़ और हिमाचल में 1 लाख 37 हजार से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे। त्रिलोक कपूर ने कहा कि आंकड़ों के मुताबिक, 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद के अब तक चार बार मोदी सरकार में एक्साइज ड्यूटी घटाई गई है। पहली बार 4 अक्तूबर 2017 को मोदी सरकार ने पेट्रोल 2.43 रुपए और डीजल पर 2.17 रुपए सस्ता किया था।
इसके बाद 2018 में केंद्र की मोदी सरकार ने पांच अक्तूबर को जनता को बड़ी राहत दी थी। तब सरकार ने पेट्रोल 2.50 रुपए जबकि डीजल भी 2.50 रुपए सस्ता किया था। इसके बाद आखिरी बार मोदी सरकार ने पिछले वर्ष दिवाली से एक दिन पहले जनता को तोहफा दिया था। चार नवंबर 2021 को सरकार ने पेट्रोल को 5 रुपए और डीजल 10 रुपए सस्ता किया था। पांच नवंबर 2021 को ही हिमाचल सरकार ने वैट कम कर के प्रदेश में पेट्रोल 12 रुपए और डीजल में 17 रुपए की कमी की थी। अभी तक 2014 से पेट्रोल 37 रुपए और डीजल में 45 रुपए की कमी हिमाचल में की है।
इसलिए भाजपा शासित हिमाचल में पेट्रोल 95 रुपए और डीजल 83 रुपए और राजस्थान के कांग्रेस शासित राज्य में पेट्रोल 123 रुपए और डीजल 112 रुपए है। भाजपा राहत दे रही है और कांग्रेस जनता की जेब में डाका डाल रही है। देश में पेट्रोल के सबसे कम दाम भाजपा शासित हिमाचल में व सबसे ज्यादा आंध्र, महाराष्ट्र व राजस्थान में है। पेट्रोल को लेकर चीखने वाले कांग्रेसी राजस्थान और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करें, तो उन्हें जनता का हितेषी समझेंगे।
