लखीमपुर खीरी प्रकरण के चलते शिमला में किसानों ने मनाया काला दिवस
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर हिमाचल किसान सभा के बैनर तले लखिमपुर खीरी में किसानों की हत्या और घायल हुए किसानों के समर्थन में मालरोड पर गिरफ्तारियां दी और काला दिवस मनाया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई तीन किसानों की मौत के मामले की आंच शिमला तक पहुंच गई है। इस घटना के विरोध मेें सोमवार को हिमाचल किसान सभा ने शिमला के मॉलरोड पर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां भी दी। सयुंक्त किसान मोर्चा के अन्य घटक संगठनों सीटू, एसएफआई, जनवादी नौजवान सभा, जनवादी महिला समिति और दलित शोषण मुक्ति मंच ने भी यूपी और हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के बढ़ते आंदोलन से निपटने के लिए अपनाए गए फासीवादी रवैये पर गहरी चिंता जाहिर की है। हिमाचल किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष डा. कुलदीप सिंह तंवर ने मांग उठाई है कि लखिमपुर खीरी में किसानों की हत्या करने वाले केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ आईपीसी की धारा-302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया जाए। किसान सभा ने केंद्रीय मंत्री को भी तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा सर्वोच्च न्यायालय की देखरेख में विशेष जांच टीम एसआईटी का गठन किया जाए।
