राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू टिप्परी में पांचवां रक्तदान शिविर आयोजित
“मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है” के मूल मंत्र को अपनाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू टिप्परी में 1996 बैच के दसवीं कक्षा के पूर्व छात्रों द्वारा पांचवें रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में 70 से अधिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर की विशेष बात यह रही कि नारी शक्ति ने भी इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। कुल 6 महिलाओं ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से राकेश कुमार, चमेल सिंह, अनिल कुमार, संजय कुमार, आशीष कुमार, विजय कुमार, सुशील कुमार एवं रविंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए मानवता की सेवा में उनके योगदान की सराहना की। शिविर में कांगड़ा से आए बुद्ध ट्रस्ट के सदस्यों का भी विशेष सहयोग रहा, जिनके प्रति आयोजकों ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। यह रक्तदान शिविर समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।
