रक्कड़ : चौली में दो कमरों के लेन्टरदार मकान में लगी आग, लगभग 6 लाख का नुकसान
विनायक ठाकुर । रक्कड़
उपमंडल रक्कड़ की ग्राम पंचायत चौली के गांव बसालग में एक लेंटरदार पक्का मकान में आग लगने का मामला सामने आया है। आग के कारण घर के अंदर रखा सामान भी राख हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंचल सिंह पुत्र जगदीश चंद गांव बसालग का दो पक्के कमरे व एक रसोई बनाई थी। चंचल सिंह अपनी पत्नी सहित सदवां में अपने ससुराल में भाईदूज पर गया हुआ था। चंचल की माता भी अपने मायके गईं थीं और घर पर चंचल के पिता जगदीश चंद थे, जो कि साथ वाले दूसरे भाई के मकान में सोए थे। जगदीश चंद ने बताया कि जब उन्होंने सुबह देखा, तो मकान के अंदर से धुआं निकल रहा है, फिर उन्होंने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर आग से सब कुछ जल चुका था।
फिर उन्होंने अपने बेटे चंचल को फोन करके सूचना दी, तो चंचल ने घर पर पहुंच कर रसोई से सिलेंडर बाहर निकाला, जिससे बड़ी अनहोनी होने से बच गई। चंचल सिंह ने बताया कि अंदर एलईडी, फ्रिज, बेड बॉक्स, गद्दे, कपड़े व बर्तन सहित अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। मकान को भी दरारें पड़ गईं, जिससे लगभग 6 लाख का नुकसान हो गया। वहीं, रक्कड़ तहसील के तहसीलदार अमित कुमार ने बताया कि मौका पटवारी को भेज कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करके भेज दी है। उधर, थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि आग लगने कारण शॉट सर्किट हो सकता है, मामला दर्ज है और छानबीन जारी है।
