कांगड़ा : फोर्टिस अस्पताल में हुआ आग से बचाव का अभ्यास
अग्निशमन विभाग और फोर्टिस सिक्योरिटी टीम ने पाया आग पर काबू
मनोज कुमार। कांगड़ा
फोर्टिस कांगड़ा में अग्निशमन विभाग का माॅकड्रिल शनिवार को आयोजित किया गया। इस माॅकड्रिल का संयोजन फोर्टिस कांगड़ा के मुख्य सुरक्षा अधिकारी ठाकुर सिंह पटियाल एवं अग्निशमन विभाग के फायर आफिसर अशोक कुमार की टीम ने किया। इस माॅकड्रिल का उद्देष्य आग की स्थिति से निपटने के लिए बचाव एवं राहत की रणनीति का अभ्यास करना था। इस माॅकड्रिल में समस्त फोर्टिस अस्पताल का स्टाफ, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी व अन्य लोग सम्मिलित थे। इस माॅकड्रिल में फोर्टिस के डायरेक्टर अमन सोलोमन, प्रशासनिक गगन शर्मा एवं उपचिकित्सा अधिकारी डाॅ कर्नल परमार मुख्य तौर पर उपस्थित थे। माॅकड्रिल की शुरूआत में सबसे पहले फोर्टिस के सिक्योरिटी गार्ड ने फायर अलार्म बजाकर पूरे अस्पताल को सूचित किया।
फायर अलार्म के बजते ही सभी सुरक्षा कर्मियों ने अस्पताल खाली करवाना शुरू कर दिया और साथ ही अग्निशमन विभाग को भी फोन पर सूचित किया। चंद ही मिनटों में अग्निशमन विभाग की गाड़ी अस्पताल परिसर में पहुंच गई। सभी अग्निशमन कर्मचारी फोर्टिस पहुंचते ही हरकत में आ गए और आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ लोगों को सीढ़ियों के जरिए तो कुछ को कंधों पर व अन्य बचाव उपकरणों से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके उपरांत आग बुझाने के लिए पूरे फोर्टिस अस्पताल पर अग्निशमन कर्मियों एवं सुरक्षा कर्मियों द्वारा पानी की बौछार की गई, फिर फोर्टिस के प्रांगण में लगी आग को बुझाने के लिए अग्निरोधक यंत्र का प्रयोग किया गया। इस प्रकार माॅकड्रिल में आग पर काबू पाया गया। इस सफल माॅकडिल के उपरांत फोर्टिस के उपचिकित्सा अधिकारी डाॅ कर्नल परमार ने कहा कि इस प्रकार के माॅकड्रिल भविश्य में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कारगर रहते हैं।
