पालमपुर : महिला सशक्तिकरण को सरकार बचनबद्ध : परमार
मुख्यमंत्री राहत कोष से 14 लाभार्थियों को दी सहायता, सुलाह में सजेगा विशाल सरस मेला
प्रतिमा राणा। पालमपुर
विधानसभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण प्रदेश सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता है और महिला विकास एवं उत्थान को ध्यान में रख कई योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष, शनिवार को सुलाह निर्वाचन क्षेत्र की नवनिर्मित पंचायत कुहाणा में मुख्यमंत्री राहत कोष से 14 लाभार्थियों को राहत राशि वितरण के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। परमार ने कहा कि महिला कल्याण सरकार की प्राथमिकता है और पूर्व तथा वर्तमान में सरकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इसे 50 प्रतिशत किया और करवाचौथ, भाईदूज तथा रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भी हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराये में छूट का प्रावधान कर दिया है।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के स्वरोजगार और स्वावलंबन के लिए स्वयं सहायता समुहों के गठन को प्राथमिकता दी जा रही है और इसके संचालन के लिए उद्गार आर्थिक सहायता के अतिरिक्त 25 हजार रिवॉल्विंग फंड की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वंय सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार और खरीददार उपलब्ध करवाने के लिये सुलाह हलके में मई माह में सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धीरा सुलाह निर्वाचन क्षेत्र का प्रमुख स्थान है। उन्होंने कहा कि धीरा मुख्यालय को जोड़ने वाली परौर से पुड़वा मुख्य सड़क को डबल लेन करने पर 21 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धीरा में फायर ब्रिगेड कार्यालय दिया गया है। सभी कार्यालयों को एक छत के नीचे लाने के लिए 11 करोड़ से मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य जारी है और सिविल अस्पताल धीरा को 50 विस्तरों में स्तरोन्नत कर साढ़े 5 करोड़ से अस्पताल का अतिरिक्त भवन का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धीरा पुलिस चौकी को स्थायी चौकी बनाया जा रहा है। उन्होंने कुहाणा में पशुऔषधालय देने की घोषणा की और लिंक मार्ग सुनपुर का सर्वे विभाग को करने के आदेश दिए। उन्होंने धीमान बस्ती को भी प्राथमिकता पर संपर्क सड़क से जोड़ने का आश्वासन दिया। उन्होंने पंचायत की सभी मांगों को चरणबद्ध पूरा करने का आश्वासन दिया। इससे पहले विधान सभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने महावीर जयंती के अवसर पर खरौठ में महावीर बजरंगवली की मूर्तिस्थापन कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, कुहाना पंचायत के प्रधान बिंदु, उपप्रधान राकेश मेहता, बीडीसी उपाध्यक्ष राजेश मेहता, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष सुनील मेहता, नौरा जोन प्रभारी रमेश परिहार, सुषमा राणा, प्रधान धीरा कविता धरवाल, बीडीसी सदस्य अश्वनी कुमार, पूर्ण चंद, सुरेश शर्मा, विजेंदर, तहसीलदार सुरेश कुमार, एसडीओ अनूप सूद और नीरज कुमार, बीडीओ सिकंदर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
