हमीरपुर: पुंग खड्ड खनन मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द, भाजपा विधायक को बड़ा झटका
पुलिस थाना सुजानपुर में दर्ज एफआईआर के अंतर्गत वित्तीय गबन से जुड़े मामले में हमीरपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। इस प्रकरण में आरोपी प्रवीन, उमेश, सतीश एवं संजय ने पूर्व में माननीय हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत प्राप्त की थी, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। इसके उपरांत आरोपियों ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने प्रवीन एवं उमेश की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं, जबकि सतीश एवं संजय को राहत प्रदान की गई।
हमीरपुर पुलिस द्वारा इस मामले की जांच के दौरान प्रत्येक स्तर पर प्रभावी पैरवी, बेहतर समन्वय एवं तथ्यों की समयबद्ध और सशक्त प्रस्तुति सुनिश्चित की गई, जो पुलिस की पेशेवर दक्षता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमीरपुर पुलिस ने दोहराया है कि अवैध खनन एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से भाजपा विधायक को तगड़ा झटका लगा है।
