हमीरपुर: सासन पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, दिव्यांग गोलू से की मुलाकात
जिला हमीरपुर के सासन गांव में 40 वर्षीय महिला की एक नाबालिग द्वारा निर्ममता से हत्या कर दी गई। इसी को लेकर मंत्री विक्रमादित्य सिंह सासन गांव में पहुंचे। जहां मंत्री ने मृतका के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मृतका की निर्मम हत्या को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने दुख जाहिर किया। मंत्री ने मृतका के बेटे से स्कूल में जाकर मुलाकात की। साथ ही लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मृतका के पति, जो कि लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं, उन्हें नजदीकी डिवीजन में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परिजनों ने मृतका के दिव्यांग बच्चे की देखभाल के लिए पिता को समय देने की मांग की थी। जिसके लिए अधिकारियों को मृतका के पति को रोजाना ड्यूटी से कुछ घंटे की छूट देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के चलते इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस दिशा में प्रदेश सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है, ताकि नशे को प्रदेश से जड़ से मिटाया जा सके।
