देश में कोरोना का विकराल रूप, 24 घंटे में सामने आए 59 हजार केस, 257 लोगों की हुई मौत

देश में कोरोना वायरस का विकराल रूप एक बार फिर लौट आया है। पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 59 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले पांच महीने में देश में एक दिन में सामने आए ये सबसे अधिक केस हैं। इतना ही नहीं देश में 24 घंटे में कुल 257 लोगों की मौत हुई है, जो इस साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसी के साथ एक बार फिर देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या भी चार लाख को पार कर गई है। देश में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या अब 1,18,46,652 पहुंच गई है।
कोरोना का सबसे अधिक कहर देश में महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। जहां हर दिन कोरोना के मामले रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में भी महाराष्ट्र 35 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए, जबकि 111 मौतें दर्ज हुईं. वहीं दिल्ली में भी गुरुवार को 1515 मामले सामने आए, जो इस साल की सबसे ऊंची उछाल है।
गौरतलब है कि देश के कई राज्यों ने कोरोना के बढ़ते मामलों और होली के त्योहार को देखते हुए सख्ती बढ़ा दी है। महाराष्ट्र में आधा दर्जन से अधिक शहरों में लॉकडाउन या नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है, मध्य प्रदेश में भी आठ जिलों में हर रविवार को लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों ने होली के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। राजस्थान, कर्नाटक जैसे राज्यों ने बाहरी राज्य से आने पर कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।