जसवा-परागपुर : रीडी के कुट में घर में चोरी, गहने व नकदी ले उडे़ चोर
विनायक ठाकुर। देहरा
संसारपुर टैरस चौकी के अंतर्गत ग्राम पंचायत रीडी के गांव कुट में रविवार देर रात चोरों ने बविता कुमारी निवासी कुट के घर लाखों के गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार बबिता कुमारी निवासी कुट के घर रविवार देर रात चोरों ने घर की खिडकी की ग्रिल निकालकर घर के अंदर घुसे और लगभग तीन कमरों की तीन अल्मारियों में रखे गहनाें व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, जब घर में चोर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे, तब घर के सदस्य घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। चोर चोरी करने के लिए खेतों के रास्ते से घर की पिछली खिड़की तक पहुंचे।
वहीं, जब सुबह परिवार करीब साढे़ चार बजे घर के अंदर सोने के लिए जा रहा था, तो अंदर सामान बिखरा पड़ा देख परिवार के होश उड़ गए, तब तक चोर गहनां व नकदी पर हाथ साफ चुके थे। वहीं, पड़ोसियों को सूचित किया गया व बाद में इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। देहरा थाना डीएसपी अंकित शर्मा, संसारपुर चौकी इंचार्ज संजीव कुमार व टीम ने मौके पर जाकर चोरी वाली जगह का मुआयना किया व घरवालों के बयान दर्ज किए। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घर में गहनों व नकदी की चोरी हुई है व पुलिस जांच कर रही है।
