हमीरपुर में हुआ 72वीं सीनियर महिला राज्य कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन
टाउन हॉल हमीरपुर में एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन ऑफ हमीरपुर द्वारा आयोजित 72वीं सीनियर महिला राज्य कबड्डी चैंपियनशिप–2026 में विधायक आशीष शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में विश्व, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली महिला कबड्डी खिलाड़ियों सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक आशीष शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए कबड्डी एसोसिएशन को बधाई दी एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक ने कहा कि युवाओं को किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए तथा नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे निरंतर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया और सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुकाबले देर शाम तक चलते रहे। इस दौरान साई हॉस्टल धर्मशाला की टीम ने लाहौल-स्पीति की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
