देहरा: सरकार के खिलाफ, 4 दिसंबर को धर्मशाला चलो: बिक्रम ठाकुर
पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां–प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं तथा देहरा भाजपा जिला के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे 4 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाले भाजपा के ‘महाघेराव’ में अभूतपूर्व संख्या में पहुँचकर इसे ऐतिहासिक और निर्णायक बनाएं।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि यह महाघेराव कांग्रेस सरकार की विफलताओं, टूटे वादों, आर्थिक अव्यवस्था और जनता पर बढ़ाए जा रहे बोझ के खिलाफ हिमाचल की सामूहिक आवाज़ है। प्रदेश में हर वर्ग किसान, कर्मचारी, युवा, व्यापारी और महिला कांग्रेस सरकार की नीतियों से पीड़ित है। ऐसे में यह आंदोलन प्रदेश की जनता के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि ऐसे हालात में भाजपा का यह महाघेराव सरकार को जगाने और जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का बड़ा अवसर है।
उन्होंने जसवां–प्रागपुर और देहरा के सभी लोगों से निवेदन किया है कि 4 दिसंबर को धर्मशाला अवश्य पहुँचें। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल के हितों और हमारे भविष्य की रक्षा का संकल्प है। आप सभी परिवार सहित आएं और इस ऐतिहासिक जन-आंदोलन में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जब जनता एकजुट होकर उठती है, तब सरकारें बदलने पर मजबूर हो जाती हैं। 4 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाला यह महाघेराव उसी परिवर्तन की शुरुआत है।
