घुमारवीं: नेहा मानव सेवा सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर का किया गया आयोजन
घुमारवीं उपमंडल के तहत डंगार कस्बे में नेहा मानव सेवा सोसाइटी के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्वर्गीय सचिन वशिष्ठ, स्वर्गीय लछुराम महाजन एवं स्वर्गीय गंगा राम वर्धन की पावन स्मृति में आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 100 रक्तदानियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
इस रक्तदान शिविर में स्थानीय व्यवसायी एवं समाजसेवी सतपाल महाजन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सतपाल महाजन ने कहा कि रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि यह समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सभी स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
नेहा मानव सेवा सोसाइटी के संस्थापक पवन बरूर ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से निरंतर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों का आयोजन संस्था की प्रमुख गतिविधियों में से एक है। यह संस्था द्वारा आयोजित 38वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर था, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पवन बरूर ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना और समाज में सेवा की भावना को जागृत करना है।
पवन बरूर ने बताया कि नेहा मानव सेवा सोसाइटी केवल रक्तदान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संस्था गरीब परिवारों की सहायता, बेसहारा एवं जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने, निर्धन परिवारों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग देने जैसे अनेक पुण्य कार्यों में सक्रिय रूप से संलग्न है। संस्था का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाई जाए और कोई भी जरूरतमंद स्वयं को अकेला न महसूस करे।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में संस्था के सदस्यों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान रहा। शिविर को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग देने का भरोसा जताया। इस दौरान सभी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का धन्यवाद किया।
