हमीरपुर: विधायक आशीष शर्मा ने पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने रविवार को ग्राम पंचायत स्वाहल में पूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में पंचायत के 78 पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों को विधायक ने अपनी ओर से सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के महिला मंडलों और बूथ कमेटी को भी सम्मानित किया। उन्होंने समारोह में पधारे पंचायत के सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पैरामिलिट्री, पुलिस, होमगार्ड से सेवानिवृत्त जवानों तथा सीमा पर तैनात जांबाजों के परिजनों का कार्यक्रम में पधारने पर आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि यहाँ जो पूर्व सैनिक विराजमान हैं, उन्होंने अपनी जवानी सरहदों पर देश की रक्षा में व्यतीत की है। जब सरहद पर सैनिक अपनी सेवा देते हैं, तभी पूरा देश चैन की नींद सोता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का कर्ज कभी भी नहीं उतारा जा सकता। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने सैनिकों और सरहदों को सशक्त किया है। अब दुश्मन सरहद पार करने से पहले सौ बार सोचता है। सशक्त नेतृत्व के चलते आज देश की सैन्य शक्ति और अधिक मजबूत हुई है।
विधायक ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इन पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों को सम्मानित करने और उनका आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ स्तर पर इस प्रकार के सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत स्वाहल पंचायत से की गई है। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री अश्वनी शर्मा एवं प्रमोद पटियाल, ग्राम केंद्र अध्यक्ष ओंकार, बूथ अध्यक्ष दिनेश, बीडीसी चेयरमैन रीना देवी, पंचायत प्रधान प्रीतम चंद, कमलेश परमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
