हिमाचल: मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 61 किलो अफीम के साथ पंजाब के दो युवक गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस लगातार तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मंडी जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 61 किलो 205 ग्राम अफीम डोडा (पोस्त) बरामद किया है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह सुंदरनगर थाना पुलिस ने अलसू चौक पर नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच शुरू की थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक पिकअप जीप को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पिकअप की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में अफीम डोडा (पोस्त) बरामद की। कुल 61 किलो 205 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जो कि व्यावसायिक मात्रा में आता है। पुलिस ने मौके पर ही पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह निवासी मोगा, पंजाब और रामपाल निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें नियमानुसार कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ मंडी पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
