हिमाचल : आज इन जिलों में बारिश का ऑरैंज अलर्ट,जानिए मौसम अपडेट

राज्य में मानसून का सितम जारी है। कुल्लू जिला के आनी में भारी बारिश के बाद पटारना गांव में हुए भूस्खलन से 2 मकान जमींदोज हुए, जिसमें 2 महिलाएं दब गईं, जिसमें से एक की मौत हो गई है, जबकि एक की तलाश जारी है। कुल्लू के ही खादवी गांव में 3 मकान भूस्खलन की जद में आ गए हैं। जनजातीय जिला किन्नौर के उपमंडल पूह के लिप्पा गांव में शुक्रवार तड़के बादल फटने के कारण भोगती नाले में अचानक आए सैलाब ने भारी नुक्सान पहुंचाया। इस बाढ़ में 2 मजदूर फंस गए, जो जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों मजदूरों को बचाया और प्राथमिक उपचार के बाद किन्नौर के रिकांगपिओ क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना में गांव की उपजाऊ भूमि भी बर्बाद हो गई। कुल्लू और चम्बा जिले में हुई भारी बारिश से हालात अभी भी सामान्य नहीं हुए हैं।
वही मौसम विभाग ने आगामी आज और कल अगस्त को कांगड़ा, चम्बा, कुल्लू में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरैंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पहली और 2 सितम्बर को भारी वर्षा का यैलो अलर्ट जारी रहेगा। 3 और 4 सितम्बर को भी मौसम खराब रहेगा, लेकिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राज्य में 2 नैशनल हाईवे व 914 संपर्क मार्ग बंद, 925 ट्रांसफार्मर भी ठप्प
लगातार हो रही बारिश से शुक्रवार सुबह तक 2 एन.एच. व 633 सड़कें बंद थीं, लेकिन शाम को इनका आंकड़ा बढ़ गया है। अब राज्य में 2 नैशनल हाईवे एनएच 03 व एनएच 305 बंद हैं, जबकि 914 सड़कें अवरुद्ध हैं। 925 बिजली ट्रांसफार्मर व 266 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं।
मानसून सीजन में अब तक 317 मौतें
इस मानसून में अब तक प्रदेश में 317 लोगों की मौत हो चुकी है, 40 लोग लापता और 374 घायल हुए हैं। इस मानसून में प्रदेश में फ्लैश फ्लड की 90, भूस्खलन की 87 और बादल फटने की 42 घटनाएं हुई हैं।