हिमाचल: मनाली में देह व्यापार पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार, चार लड़कियां रेस्क्यू
मनाली में पुलिस ने देह व्यापार से जुड़े एक और गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जबरन इस धंधे में धकेली गई चार लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। पूरे मामले की जांच थाना प्रभारी मनीष शर्मा की निगरानी में चल रही है।
पुलिस लंबे समय से मालरोड़ और बाहणु पुल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान बाहणु पुल के पास रणनीति के तहत जाल बिछाकर दो आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान 22 वर्षीय निक्की परमार उर्फ योगी और धर्मेंद्र सोल्की के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है, वहीं आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत अब तक कई गिरोहों के सदस्य पकड़े जा चुके हैं और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार पर्यटन नगरी मनाली में देह व्यापार से जुड़ा यह दूसरा बड़ा मामला है, जिसमें बाहरी राज्यों से लड़कियों को लाकर इस अवैध धंधे में धकेला जा रहा था। पर्यटन सीजन और नववर्ष के दौरान ऐसे गिरोहों की सक्रियता बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले रविवार को भी पुलिस ने मालरोड क्षेत्र में कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। मालरोड़ पर इस तरह की गतिविधियों से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में भी चिंता बनी हुई थी।
