हिमाचल: आज रात से बदलेगा मौसम, 23 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, जानें अपडेट
प्रदेश में वीरवार रात से मौसम के मिजाज में बदलाव आने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार से प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 27 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार रात को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय ठंडक का असर बना हुआ है। हालांकि बुधवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में धूप खिली रही। ऊना में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 22 जनवरी की रात से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश शुरू होने की संभावना है। 22, 26 और 27 जनवरी को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 23 जनवरी को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश-बर्फबारी का अनुमान है। इस दौरान ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 23 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। वहीं सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों के लिए बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला और किन्नौर जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। 24 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि 25 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने के आसार जताए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
