कुल्लू: नशा माफिया पर बड़ा प्रहार, 2 मामलों से 364 ग्राम चिट्टा बरामद
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे चिट्टा मुक्त अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने नशा माफिया पर अब तक का बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 364 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इन मामलों में एक दंपति सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
पुलिस को पहली बड़ी सफलता मनाली के चचोग गांव में मिली। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने नशा तस्कर संगत राम और उसकी पत्नी डिंपल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दंपति के कब्जे से 303 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक बोलेरो वाहन और 7,200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। दूसरी कार्रवाई भुंतर थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने पंजाब के जीरकपुर निवासी अमित गुप्ता को 61 ग्राम चिट्टा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि कुल्लू पुलिस सिंथेटिक ड्रग्स और चिट्टा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में बरामद 364 ग्राम चिट्टा एक बड़ी रिकवरी है। एसपी ने बताया कि तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक—नशा कहां से आया और कहां सप्लाई किया जाना था—की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी बेनकाब किया जाएगा।
