कुनिहार: एलुमिनियम कंडक्टर चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, CCTV से खुला राज
बिजली विभाग के सब स्टेशन कुनिहार से हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस थाना कुनिहार में दर्ज एफआईआर के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया एलुमिनियम कंडक्टर बरामद कर लिया है। चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को बिजली विभाग के जेई कांशी राम ने पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 19/20 जनवरी की रात वह अपने सहकर्मियों के साथ सब स्टेशन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सब स्टेशन के यार्ड से सामान गिरने की आवाजें सुनाई दीं। जब कर्मचारियों ने यार्ड में जाकर देखा तो कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी कर भागते हुए नजर आए।
बाद में यार्ड की जांच करने पर पाया गया कि वहां से एक एलुमिनियम कंडक्टर चोरी हो चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान चोरी की वारदात में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें 20 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार (33) निवासी कुमारहट्टी, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन, ओम प्रकाश (22) मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी विकास नगर, शिमला तथा कमल (27) मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी सलोगड़ा, जिला सोलन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एलुमिनियम कंडक्टर बरामद कर लिया है। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा वीरो गाड़ी को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को 21 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।
