कुनिहार: गांव लोहारा की बेटी बनी नर्सिंग ऑफिसर, एम्स भटिंडा में देंगी सेवाएं
विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत कोठी के अंतर्गत आने वाले गांव लोहारा की बेटी तानिया भारद्वाज ने नर्सिंग ऑफिसर बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तानिया का चयन देश के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान एम्स भटिंडा में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से गांव लोहारा, पंचायत कोठी और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। तानिया भारद्वाज के पिता मदन भारद्वाज हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में चालक के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि माता मोनिका भारद्वाज एक गृहणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाली तानिया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
अपनी शिक्षा यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए तानिया ने बताया कि उन्होंने छात्र विद्यालय कुनिहार से नॉन-मेडिकल विषयों के साथ अपनी प्रारंभिक पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का निर्णय लिया और तीन वर्ष का जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण किया। इसके उपरांत उन्होंने अपने ज्ञान और योग्यता को और मजबूत करने के उद्देश्य से दो वर्षीय पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। तानिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और सही दिशा-निर्देशन के बिना यह संभव नहीं हो पाता। वहीं, तानिया के माता-पिता ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है, जिसने दिन-रात कड़ी मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया है और आज ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
