मनाली विंटर कार्निवल के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 20 से 24 जनवरी तक होगा आयोजन
मनाली में 20 से 24 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवल को लेकर पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस दौरान मनाली शहर को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-1 में मनु रंगशाला (कलामंच) से रामबाग मनाली क्षेत्र को शामिल किया गया है। सेक्टर-2 में मॉल रोड और उससे सटे क्षेत्र—मनु मार्केट, सियाली महादेव मार्केट, मिशन अस्पताल, डायमंड चौक और बस स्टैंड मनाली—आते हैं। सेक्टर-3 में आईबैक्स चौक से पुलिस थाना मनाली और गोंपा रोड को रखा गया है, जबकि सेक्टर-4 में रामबाग चौक से सर्किट हाउस और ओल्ड मनाली क्षेत्र को शामिल किया गया है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीसरी और चौथी आईआरबीएन (IRBn) की दो रिजर्व टुकड़ियां मनाली पहुंच चुकी हैं, जिन्हें स्थानीय पुलिस के जवानों के साथ सेक्टर-1 और सेक्टर-2 में तैनात किया गया है। सभी तैनात पुलिसकर्मियों को डीएसपी मनाली के.डी. शर्मा द्वारा ड्यूटी को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। उन्होंने जवानों को सतर्कता, अनुशासन और संयम बनाए रखने तथा आम जनता और पर्यटकों से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-1 स्थित कलामंच में प्रवेश से पहले सभी दर्शकों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की जाएगी। इसके लिए प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के साथ पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन सर्विलांस, कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, तथा विशेष एंटी गुंडा सेल का गठन किया गया है।
इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मनाली शहर और आसपास के क्षेत्रों को आठ ट्रैफिक बीट्स में विभाजित किया गया है, जहां स्थानीय पुलिस के साथ-साथ होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विंटर कार्निवल के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से कटिबद्ध है। साथ ही स्थानीय जनता और देश-विदेश से आए पर्यटकों से सहयोग की अपील की गई है।
