मंडी: बल्ह घाटी में तेंदुए के हमले से दहशत, एक की मौ**त, 4 घा*यल
मंडी जिले की बल्ह घाटी में बुधवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाकों में घुस आया और तीन गांवों में लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने सबसे पहले चंडयाल बस्ती में दस्तक दी। अचानक हुए हमले से ग्रामीण संभल भी नहीं पाए थे कि वह भड़याल की ओर बढ़ गया। इन दोनों स्थानों पर तेंदुए के हमले में चार लोग घायल हो गए।
इसके बाद तेंदुआ मलवाणा गांव पहुंचा, जहां उसने 40 वर्षीय बलवीर सिंह (निवासी भ्यूली) पर हमला कर दिया। बलवीर अपने रिश्तेदारों से मिलने यहां आया हुआ था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना में घायल हुए लोगों में बिहार निवासी साहिब सिंह के अलावा स्थानीय निवासी दीनानाथ, चंपा देवी, जनित और रेखा देवी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आत्मरक्षा के लिए एकजुट होकर तेंदुए का सामना किया। बताया जा रहा है कि जवाबी कार्रवाई में तेंदुए को मार गिराया गया। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से त्वरित आर्थिक सहायता और हरसंभव मदद प्रदान की जा रही है। वहीं मंडी के डीएफओ वासु डोगर ने बताया कि वन विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और यह जांच की जा रही है कि तेंदुआ अचानक इतना आक्रामक क्यों हो गया।
