सोलन: कुनिहार में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में लगी आग, हुआ लाखों का नुकसान
सोलन जिला की ग्राम पंचायत कुनिहार में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी की घटना में प्लांट पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे पंचायत को लगभग 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि यह प्लांट क्षेत्र में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक पृथक्करण के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा थी। उन्होंने कहा कि इस प्लांट का शुभारंभ करीब एक माह पूर्व ही किया गया था और इससे पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की उम्मीद थी। आगजनी की इस घटना से न केवल पंचायत को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की गई पहल को भी बड़ा झटका लगा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने आगजनी की इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने बताया कि नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
