सोलन: चंबाघाट के होम स्टे में छापा, 2.70 ग्राम चिट्टा के साथ 3 गिरफ्तार
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोलन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 18 जनवरी 2026 की रात पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंबाघाट के समीप बेर पानी क्षेत्र में स्थित एक होम स्टे में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होम स्टे के एक कमरे में ठहरे दो युवक और एक युवती को 2.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र कुमार (31 वर्ष), पुत्र बद्री दत्त, निवासी गांव व डाकखाना सलोगड़ा, तहसील व जिला सोलन; विक्रांत भरद्वाज (26 वर्ष), पुत्र विद्या दत्त, निवासी गांव व डाकखाना साधुपुल, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन; तथा सुष्मिता कौशल (28 वर्ष), पुत्री शेर सिंह, निवासी गांव भरनाल, डाकखाना ढलवां, तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर उनके कब्जे से बरामद चिट्टा/हेरोइन को जब्त कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना सदर, सोलन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। इसके साथ ही आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
