आज हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र का 11वां दिन, दोपहर 2 बजे होगा शुरू

हिमाचल प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र का आज 11वाँ दिन है। सत्र की कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू होगी और इसमें बीते दिनों हुई प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर बादल फटने, भूस्खलन और भारी तबाही का मुद्दा जोर-शोर से गूंजने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान भी इस विषय पर सवाल-जवाब होंगे और अनुपूरक प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा शून्यकाल और अन्य नियमों के तहत भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
यह 12 दिवसीय मानसून सत्र कल मंगलवार को समाप्त होगा। गौरतलब है कि यह चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र है और इसे प्रदेश के इतिहास का चौथा सबसे लंबा सत्र माना जा रहा है।
सोमवार को सदन में चार अहम विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक 2025, हिमाचल प्रदेश सड़क द्वारा कतिपय माल के वहन पर कराधान संशोधन विधेयक 2025, रजिस्ट्रीकरण हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025 और हिमाचल प्रदेश पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025 शामिल हैं। इन विधेयकों को पारित करने का प्रस्ताव मंगलवार को सत्र के अंतिम दिन रखा जाएगा।
इसी के साथ आज सदन में हिमाचल प्रदेश लोक उपयोगिताओं के परिवर्तन का प्रतिषेध विधेयक 2025 को भी पारित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। वहीं नियम 130 के तहत शाहपुर से कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया संसाधन जुटाने के लिए नीति बनाने का प्रस्ताव रखेंगे। उधर भाजपा विधायक बिक्रम सिंह अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से उत्पन्न भूस्खलन और बाढ़ जैसी समस्याओं को रोकने के लिए नई नीति पर चर्चा की मांग करेंगे।
यह सत्र न केवल विधायी गतिविधियों के लिहाज से बल्कि आपदा और राहत कार्यों पर होने वाली चर्चाओं के चलते भी ऐतिहासिक माना जाएगा।