हिमाचल में बारिश का येलो अलर्ट; मौसम विज्ञान के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश

प्रदेश के दस जिलों में शनिवार और रविवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शुक्रवार को राजधानी शिमला, धर्मशाला और कांगड़ा में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमलाके अनुसार राज्य के कई भागों में 18 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों में 13 व 14 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वीरवार रात को मुरारी देवी में 75.0, मंडी में 61.8, सुंदरनगर में 52.4, सलापड़ में 46.6, कांगड़ा में 43.7, घाघस में 40.0, जोगिंद्रनगर में 27.0, बग्गी में 17.9, कसौली में 17.2 व धर्मपुर में 14.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 503 सड़कें, 953 बिजली ट्रांसफार्मर और 336 पेयजल योजनाएं ठप रहीं। इस मानसून सीजन के दौरान अभी तक 4,465 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। 20 जून से 12 सितंबर तक 386 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 451 लोग घायल हुए हैं। 41 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 168 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। राज्य में 538 पक्के, 834 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। 1878 पक्के और 4005 कच्चे मकानों को आंशिक तौर पर नुकसान हुआ है।