डीडी नेशनल पर प्रसारित शो 'राम से हाउस' में दिखेगी हिमाचल की दिव्या शर्मा

हिमाचल प्रदेश के छोटे से गांव बगड़ की रहने वाली दिव्या शर्मा डीडी नेशनल पर प्रसारित होने वाले शो 'राम से हाउस' में नगर आएगी। दिव्या शर्मा का मुम्बई तक का सफर आम नहीं रहा। बेहद संघर्ष के बाद एक छोटे से गांव से निकल कर महा नगरी तक पहुंची हैं, जहां उन्होंने अपनी कला और मेहनत से शोबिज़ की दुनिया में अपनी पहचान बनाई और आज डीडी नेशनल पर प्रसारित होने वाले शो 'राम से हाउस' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इस शो में उनका किरदार 'लाली' दर्शकों द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है। इस शो में वह प्रसिद्ध अभिनेता अली असगर के साथ काम कर रही हैं और उनका किरदार एक घरेलू महिला का है, जो अपने जीवन के विभिन्न पहलुओं से जूझती है। दिव्या का अभिनय इस भूमिका में बहुत प्रभावशाली और सजीव नजर आता है, जिसे दर्शकों ने दिल से सराहा है।
दिव्या का सफर रंगमंच से शुरू हुआ था। सोलन में अपने अभिनय की यात्रा को विस्तार देते हुए उन्होंने स्थानीय थिएटर में कई प्रमुख नाटकों में काम किया। दिव्या ने कई बड़े मंचों पर भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। अभिनय के क्षेत्र में उन्हें कई महत्वपूर्ण पुरस्कार भी मिले। रेडियो पर काम करते हुए उन्हें मीडिया क्षेत्र में कई नए अवसर मिले। इसके बाद अखबारों में और न्यूज़ पोर्टल में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अपनी किस्मत मुम्बई में आजमाई, और यहीं से उनकी असली यात्रा शुरू हुई।