पाक गोलीबारी में हिमाचल का सपूत शहीद, गांव में पसरा मातम

जम्मू के अखनूर सेक्टर में शुक्रवार रात पाकिस्तान रेंजरों ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। गोलीबारी में भारतीय सेना के सूबेदार कुलदीप चंद शहीद हो गए। वह हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कोहलवीं गांव के निवासी थे।
कुलदीप चंद और उनकी टीम ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया, लेकिन इसी दौरान उन्हें गोली लग गई। अस्पताल ले जाने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वह हाल ही में दो महीने की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे।
शहीद अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। जैसे ही शहादत की सूचना गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शहीद जवान की शहादत पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा “मेरे विधानसभा क्षेत्र नादौन के कोहलवीं गांव निवासी कुलदीप कुमार जी के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। देश की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
सेना और जिला प्रशासन की ओर से शहीद के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ उनके गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय विधायक और सैन्य अधिकारी भी श्रद्धांजलि देने उपस्थित रहेंगे।