हिमाचल: मनाली में शुरू हुआ विंटर कार्निवल, CM सुक्खू ने किया शुभांरभ
हिमाचल के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में आज से विंटर कार्निवल की शुरुआत हो गई है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिडिंबा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद इसका विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही सीएम सर्किट हाउस मनाली से महिला मंडलों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर भी रवाना करेंगे। इसके पश्चात वे सर्किट हाउस से पैदल मॉल रोड तक जाएंगे। मॉल रोड पर बने मंच से झांकियों का अवलोकन करने के बाद सीएम मनु रंगशाला पहुंचकर विंटर कार्निवल (शरदोत्सव) का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
21 से 23 जनवरी तक विंटर क्वीन और वॉयस ऑफ कार्निवाल की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इस बार सभी स्टार नाइट्स पूरी तरह हिमाचली गायकों के नाम रहेंगी, जिससे स्थानीय कला और संस्कृति को विशेष बढ़ावा मिलेगा। विंटर कार्निवाल का मुख्य आकर्षण 21 और 23 जनवरी को होने वाली महानाटी होगी। महानाटी प्रतियोगिता में मनाली के लेफ्ट और राइट बैंक की महिलाएं पारंपरिक परिधानों में मॉल रोड पर नाटी डालेगी।
मनाली के मॉल रोड पर करीब 300 महिला मंडल पारंपरिक वेशभूषा में झांकियों के माध्यम से घाटी की समृद्ध संस्कृति विंटर कार्निवाल के तहत मनु रंगशाला के साथ-साथ मॉल रोड पर बने मंचों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार भी घाटी के महिला मंडलों से आने वाली महिलाओं को प्रोत्साहन राशि बढ़ने की उम्मीद है। परंपरा के अनुसार हर वर्ष प्रत्येक महिला मंडल के लिए पांच हजार रुपए की वृद्धि की जाती रही है, जिसे इस बार भी जारी रखने की संभावना जताई जा रही है। इस अवसर पर सीएम मनाली क्षेत्र को करोड़ों रुपए की विकास सौगात भी देंगे।
