जयसिंहपुर : तीनबड़ में 26 जून को होगा विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन
चंगरधार क्षेत्र में कॉलेज और सरकारी आईटीआई न होने से लोगों मे आक्रोश
नरेंद्र डाेगरा। जयसिंहपुर
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंगरधार क्षेत्र में गांव भुआणा तथा तिनबड़ के मध्य एक कॉलेज की स्थापना के समर्थन में 26 जून को प्रातः 10 बजे, तिनबड़ चौक पर विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। भारत आज अपनी आजादी की हीरक जयंती मनाने जा रहा है।, परंतु यह बहुत ही खेद का विषय है कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंगरधार क्षेत्र के निवासियों के बच्चों एवं बच्चियों की उच्च शिक्षा के बारे में आजादी के 75 वर्षों के बाद भी किसी भी सरकार ने नहीं सोचा, जिसके कारण इस चंगरधार क्षेत्र की हजारों बच्चियां उच्च शिक्षा से वंचित रह गईं। यदि उन्हें उनके निवास के समीप ही उच्च शिक्षा के लिए एक कॉलेज होता, तो शायद इन हज़ारों बच्चियों में से कई बच्चियों आज उच्च शिक्षा ग्रहण करके देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं होतीं।
इस चंगरधार क्षेत्र से निकटतम कॉलेज की दूरी 35 से 40 किलोमीटर है। इस लिए कई बच्चियों के माता -पिता अपनी बच्चियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें अकेले जाने की अनुमति प्रदान नहीं करते।पेंशनर्स एंड रिटायर्ड पर्सनल वेलफेयर एसोसिएशन वर्ष 2019 से लगातार सरकार से इस संबंध में संपर्क साधने का प्रयास कर रही है। वहीं, 29 जून काे मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप में हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में आयोजित जन सभा में मांग पत्र सौंपा गया, परंतु हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा कॉलेज की स्थापना की मांग पर कुछ नहीं कहा गया। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार मूक दर्शक बनी हुई है। अतः अब क्षेत्र की जनता के पास कॉलेज की स्थापना की अपनी मांग के समर्थन में आंदोलन के अतिरिक्त कोई उपाय नहीं बचा है।
