देहरा : अंधेरे में अवैध रूप से कर रहे थे खैर के पेड़ों का कटान, तीन दबोचे
सनोट तलाई में सोमवार को देर रात पुलिस ने अवैध रूप से खैर के पेड़ काटने वाले कुछ लोगों को दबोच लिया। कुछ व्यक्ति रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध कार्य को अंजाम दे रहे थे। इसकी सूचना फारेस्ट विभाग के रेंज ऑफिसर को मिली।उन्होंने इसकी सूचना देहरा थाना में दी। मौके पर पहुंचे देहरा पुलिस के कर्मचारियों ने उन व्यक्तियों को दबोच लिया। पुलिस ने 3 आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया है। सूचना के मुताबिक उक्त गिरोह द्वारा एक खैर का पेड़ काट लिया गया था, जिसे कब्जे में ले लिया गया है मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।
वहीं इस संबंध में डीएफओ देहरा सन्नी वर्मा ने बताया कि मंगलवार 29 जून वन परिक्षेत्र देहरा के कर्मचारियों द्वारा रात छापेमारी के दौरान 3 वन तस्करों और एक इंडिका कार को पकड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार वन अधिकारी विगत 6 माह से लगातार इन संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। बीती रात सीएफएस में छापेमारी के दौरान पेड़ (खैर) के तस्करों ने वन अधिकारियों को देखा और भाग गए। इसके बाद तस्करों के घटना स्थल पर वापस आने के लिए वन अधिकारियों ने 2 घंटे तक उनका इंतजार किया। लगभग 12 :30 बजे तस्करों ने आकर फिर से पेड़ काटने शुरू कर दिए। इसी दौरान वन अधिकारियों ने 3 तस्करों को रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं 2 तस्कर अंधेरे को फायदा उठाकर भाग गए। डीएफओ देहरा सनी वर्मा ने कहा कि इस प्रकार का अवैध कार्य करने वाले कभी बख्शे नहीं जाएंगे।
