इंदौरा: दीपक राज रोक्की मेमोरियल ब्लड डोनेशन कैम्प में 113 यूनिट रक्त संग्रहित
इंदौरा क्षेत्र में रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले स्वर्गीय दीपक राज उर्फ रोक्की की स्मृति में डाह कुलाड़ा ब्लड डोनर ग्रुप के सौजन्य से माधव गौशाला, डाह कुलाड़ा के प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 113 यूनिट रक्त दान किया गया।
रक्तदान शिविर में हर वर्ष की भांति अमनदीप अस्पताल, पठानकोट के ब्लड बैंक की टीम ने सहयोग देते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके सहयोग से ही कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए रक्तदान महादान है।
इस अवसर पर डाह कुलाड़ा के पंचायत उपप्रधान अजय कुमार, माधव गौशाला के संयोजक अभिषेक शर्मा, संघ के खंड अध्यक्ष कमल गुलेरिया, निर्मल प्रसाद, संजू, राहुल पठानिया सहित अमनदीप अस्पताल से विकास, हर्ष एवं कृष्ण कुमार उपस्थित रहे।
