इंदौरा : इंदौरा अस्पताल में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं
पिछली सरकार ने भले ही सीएचसी इंदौरा का दर्जा बढ़ाकर इसे सिविल अस्पताल का कर दिया गया है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर यहां आज तक कुछ नहीं बदला है। टेस्ट सुविधा तो क्रसना लैब खुलने से हो गई है, किन्तु एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड की आज भी कोई सुविधा अस्पताल में उपलब्ध नहीं हो पाई। रेडियोलॉजीस्ट का पद पिछले लंबे समय से हास्पिटल में खाली चला है, जिस कारण लोगों को निजी अस्पताल व निजी लैबों में जाकर एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता है।
गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए निजी हॉस्पिटल पठानकोट या सिविल हॉस्पिटल नुरपुर जाना पड़ता है। सिविल हॉस्पिटल नुरपुर में भी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 15 से 20 दिन का समय दिया जाता। इसके चलते महिलाओं को काफी परेशानियां झेलनी पड़ती है।
राहुल, राजेश, प्रिया, सुमित ने वर्तमान प्रदेश से गुहार लगाई है कि 40 पंचायतों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने वाले इंदौरा हस्पताल की भी सुध ले। ज्यादा सुविधा नहीं तो रेडियोलॉजिस्ट अल्ट्रासाउंड की सुविधा हॉस्पिटल में उपलब्ध करवाएं, जिससे कि गर्भवती महिलाओं वह लोगों को परेशानियों का सामना न करना पडे व डाक्टर सही से इलाज कर सके।
सरकार लोगों के हितों के लिए करेगी कार्य : विधायक
इस संदर्भ में जब इंदौरा के वर्तमान विधायक मलेन्द्र राजन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पहले भी हम हॉस्पिटल की सुविधाओं के लिए मुद्दा उठाते रहे हैं। कुछ दिनों पहले विधायक बनने के बाद हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था। जो-जो सुविधाएं हॉस्पिटल में होनी चाहिए, उसके लिए बीएमओ से बात की थी। जल्द से जल्द हॉस्पिटल में सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
लोगों को सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए किए जा रहे प्रयास : बीएमओ
बीएमओ इंदौरा संदीप महाजन का कहना है कि लोगों को एक्सरे व अल्ट्रासाउंड संबंधित सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में वर्तमान सरकार व विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की गई है हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द हॉस्पिटल में रेडियोलॉजीस्ट व अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
