इंदौरा: मिनर्वा कॉलेज में विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के अवसर पर मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, इंदौरा में “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकारी अस्पताल इंदौरा से सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर मोनिका शर्मा तथा फीमेल हेल्थ वर्कर सुश्री सुमन ने बतौर मुख्य वक्ता भाग लिया। वक्ताओं ने क्षय रोग (टीबी) जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह रोग किस प्रकार फैलता है, इसके लक्षण क्या हैं तथा इससे बचाव के लिए कौन-कौन से उपाय अपनाए जाने चाहिए।
उन्होंने सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और “टीबी मुक्त भारत” अभियान के तहत चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को जागरूक करते हुए समय पर जांच और उपचार के महत्व पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन की विभागाध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए भारत सरकार समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है और ऐसे कार्यक्रम समाज के हित में अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम में बी.एड. के प्रशिक्षु छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” जैसे जागरूकता नारे लगाकर संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
