इंदौरा: अटाहड़ा पंचायत में मलेंद्र राजन ने की विकास कार्यों की समीक्षा
क्षेत्र के विकास को गति देते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को अटाहड़ा पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा की तथा 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड नंबर-05 में पक्के रास्ते के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त जीप योग्य रास्ते के निर्माण, ढंगा निर्माण, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा अटाहड़ा में मुख्य रास्ते तक संपर्क मार्ग के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य चल रहे हैं या अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू करवाया जाए ताकि लोगों को समय पर सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने कहा कि अटाहड़ा पंचायत क्षेत्र में बस सेवा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पांच इलेक्ट्रिक बसों की मांग की गई है और आवश्यकता के अनुसार रूट व समय निर्धारित कर उन्हें चलाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गंगथ अस्पताल में डॉक्टरों के सभी छह पद भर दिए गए हैं। आने वाले समय में शेष विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए भी मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी जाएगी। विधायक ने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाना और पूरे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना ही उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता जगमोहन पठानिया, हरबंस धीमान, सुरेश कुमार, सरदार अली, हरी सिंह, शमशेर सिंह, विशन सिंह, पूर्व उपप्रधान सुनील ठाकुर तथा पूर्व प्रधान तरसेम सिंह सहित अन्य व्यक्ति व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
